बलिया: दो चचेरी बहनों के बेवजह गायब हो जाने के बाद एक युवक औपचारिक शिकायत का निशाना बना है।

On

बैरिया, बलिया : क्षेत्र के एक गांव की दो नाबालिक चचेरी बहनों को बहला फुसलाकर भगा ले जाने का मामला प्रकाश मे आया है। दोनों किशोरियों के परिजनों ने गुरुवार को बैरिया थाने में बिशुनपुरा गांव निवासी 25 वर्षीय शैलेश साह पुत्र विक्रम साह के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। गायब किशोरियों में एक की उम्र 14 वर्ष और दूसरी की 12 वर्ष है।

बताया जा रहा है कि दोनों किशोरियां अपने परिजन के साथ रानीगंज बाजार में मंगलवार को खरीददारी करने के लिए आई थी। इस बीच उनके साथ आया अभिभावक लघुशंका करने बाजार से बाहर गया, लेकिन लौटा तो दोनों किशोरियां गायब थी। अभिभावक अपने घर वापस लौटकर रिश्तेदारी नातेदारी आदि जगहों पर किशोरियों की तलाश में जुट गया।

यह भी पढ़े - भाजपा की गुमराह करने वाली नीतियां लोकतंत्र और संविधान को खतरे में डाल रही हैं : सनातन पांडेय

बाद में पता चला कि वह बिशनपुरा निवासी शैलेश साह के साथ कहीं चली गई हैं। इस संदर्भ में एक किशोरी के पिता के आग्रह पर प्रधान ने शैलेश साह से मोबाइल पर बात किया  तो आरोपी ने स्वीकार किया कि एक किशोरी के साथ उसका प्रेम प्रसंग था। उसे साथ लेकर शहर में आया है। दूसरे के विषय में वह नहीं जानता है। प्रधान ने कहा कि उसकी उम्र बहुत कम है। तुम फंस जाओगे, तुरंत लेकर वापस लौट जाओ तो उसका जवाब था कि आधार कार्ड में उम्र बढ़वा कर उससे शादी कर लूंगा।

इस संदर्भ में पीड़ित ने बैरिया थाने में शिकायती पत्र देकर गायब दोनों किशोरियों को बरामद करने की गुहार लगाई है। दूसरी तरफ एसएचओ बैरिया धर्मवीर सिंह से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि जांच में यह पता चला है कि दोनों किशोरियां जहां से ही गायब है, वह इलाका रेवती थाना क्षेत्र में पड़ता है। इसलिए प्रकरण की जांच रेवती पुलिस करेगी। पीड़ितों से प्राप्त तहरीर रेवती पुलिस को भेजी जा रही है।

Ballia Tak on WhatsApp

Comments

Post A Comment